शहर के काशीपुर स्थित त्रिमूर्ति एचपी गैस एजेंसी का बुधवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने औचक निरीक्षण किया। करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान डीएम ने गैस सिलेंडर के स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों की गहन जांच की। इस क्रम में उन्होंने पंजी, स्टॉक रजिस्टर समेत अन्य दस्तावेजों का मिलान किया।
जांच के दौरान कुछ आंशिक त्रुटियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया। साथ ही गैस एजेंसी संचालक संजीव कुमार को वितरण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने तथा उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद डीएम अभिषेक रंजन ने आम उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि जिले में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट में आकर अधिक मात्रा में बुकिंग करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से केवल आवश्यकता के अनुसार ही बुकिंग करने को कहा, ताकि सभी लोगों को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस मौके पर एडीएसओ अभिषेक कुमार, बीडीओ गोपाल कृष्णन समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment