सशस्त्र सीमा बल की 19वीं वाहिनी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत आयोजित 15 दिवसीय आर.ओ. (वॉटर प्यूरीफायर) मरम्मत प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन मंगलवार को किया गया। यह कार्यक्रम 19वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज के तत्वावधान में 31 जनवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक संचालित हुआ।
समापन समारोह का आयोजन “सी” समवाय पाठामारी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ग्राम ग्वालटोली (वाइब्रेंट विलेज) में किया गया, जिसमें उप-कमांडेंट श्री विकास कुमार पाण्डेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम कमांडेंट श्री स्वर्णजीत शर्मा के दिशानिर्देशन में आयोजित किया गया।
अपने संबोधन में उप-कमांडेंट ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल द्वारा प्रत्येक वर्ष सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को कौशल विकास से जोड़ने का कार्य किया जाता है। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाते हैं और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि “विकसित भारत अभियान” के अंतर्गत वाइब्रेंट ग्राम धनटोला, डोरिया, चुर्ली, भेंडरानी, हुलहूली, ग्वालटोली, सुखानी सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों को भी भविष्य में इस प्रकार के प्रशिक्षणों से लाभान्वित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण युवाओं ने पूरी निष्ठा और लगन के साथ आर.ओ. मरम्मत का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में आर.ओ. सर्विस एवं मरम्मत की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रशिक्षित युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
अंत में अधिकारियों ने सभी प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा कार्यक्रम के विधिवत समापन की घोषणा की।
यह आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों में कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
Post a Comment