कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के बड़ी भैजदिरा स्थित सावित्री ग्लोबल पब्लिक स्कूल के हॉस्टल से चार बच्चों के अचानक फरार होने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बेहतर शिक्षा के लिए बच्चों को हॉस्टल में रखने वाले अभिभावकों के बीच इस घटना के बाद भारी चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे चार बच्चे बीती रात करीब 10 बजे स्कूल परिसर की जाली तोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन को देर रात मिली, जिसके बाद करीब 11 बजे परिजनों को फोन कर सूचना दी गई कि उनके बच्चे हॉस्टल से भाग गए हैं।
खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और सभी अपने-अपने स्तर से बच्चों की तलाश में जुट गए। स्कूल प्रबंधन का दावा है कि बच्चों की लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि काफी समय तक इस घटना की सूचना प्रशासन को नहीं दी गई। बाद में परिजनों ने स्वयं डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
फिलहाल स्कूल प्रबंधन और परिजन बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं और उनकी सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि वे हर महीने 4 से 5 हजार रुपये फीस जमा करते हैं, इसके बावजूद हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।
बताया जा रहा है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके स्कूल प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है।
इस घटना ने हॉस्टल में रह रहे बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे इलाके की नजर बच्चों की सुरक्षित बरामदगी पर टिकी हुई है।
Post a Comment