पूर्णिया/भवानीपुर: अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व अधिकारी सादिक अहमद पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) प्रमाणपत्र निर्गत करने में कथित अनियमितता और भेदभाव के आरोप लगाए गए हैं। गोल्डन सिंह ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि पिछले कुछ महीनों से EWS के लिए आवेदन करने वाले अनेक छात्रों के आवेदन बिना स्पष्ट कारण के अस्वीकृत किए जा रहे हैं, जिससे वे सरकारी योजनाओं एवं शैक्षणिक लाभ से वंचित हो रहे हैं।
गोल्डन सिंह ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी जब पूर्णिया पूर्व प्रखंड में पदस्थापित थे, तब भी EWS प्रमाणपत्र निर्गत नहीं किए गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान एक महिला के म्यूटेशन प्रकरण में कथित त्रुटि को लेकर मंत्री विजय सिन्हा द्वारा आपत्ति जताई गई थी और स्पष्टीकरण मांगा गया था।
उनके अनुसार, वर्तमान कार्यकाल में EWS प्रमाणपत्र के लिए कुल 233 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 197 आवेदनों को निरस्त कर दिया गया है। उनका दावा है कि पूर्व में पदस्थापित अधिकारी के कार्यकाल में इस प्रकार बड़ी संख्या में आवेदन अस्वीकृत नहीं किए गए थे।
इस मामले को लेकर उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई है। गोल्डन सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सवर्ण आयोग के अध्यक्ष महाचंद्र प्रसाद सिंह, मंत्री लेशी सिंह तथा जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में अब तक प्रशासन या संबंधित अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment