Top News

बी कोठी में खुलेगा डिग्री कॉलेज, क्षेत्र में खुशी की लहर


बी कोठी/संवाददाता बमबम यादव
बड़हरा कोठी प्रखंड क्षेत्र के +2 शंकर उच्च विद्यालय औराही गोविंदपुर में डिग्री कॉलेज की स्थापना की घोषणा से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। वर्षों से लंबित इस मांग के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह पहल रुपौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व शिक्षक कलाधर प्रसाद मंडल के प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
अब तक बी कोठी प्रखंड और आसपास की पंचायतों में डिग्री कॉलेज का अभाव था, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई जारी रखने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई छात्र-छात्राएं संसाधनों की कमी और दूरी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते थे। विशेषकर छात्राओं के लिए बाहर जाकर पढ़ाई करना चुनौतीपूर्ण साबित होता था।
समाजसेवी त्रिभुवन कुमार ने कहा कि डिग्री कॉलेज खुलने से पूरे प्रखंड के युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी और शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा। युवा समाजसेवी राहुल यादव ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होगा। वहीं कांग्रेस नेता अमित कुमार ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की नींव है और यह निर्णय पूर्णिया जिले के लिए गौरव का विषय है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि कॉलेज की स्थापना से समय और धन की बचत होगी तथा बेटियों की शिक्षा को नया बल मिलेगा। खबर के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जता रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post