अररिया जिला अस्पताल में पदस्थापित जनरल सर्जन डॉ. जितेंद्र प्रसाद एवं उनकी पत्नी की शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हुए असामयिक निधन की खबर ने पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया है। यह हादसा वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के पास उस समय हुआ जब वे कार से यात्रा कर रहे थे।दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।डॉक्टर जितेंद्र प्रसाद अररिया जिला अस्पताल में एक अनुभवी और कर्मठ सर्जन के रूप में जाने जाते थे।वे अपने सरल स्वभाव,कुशल चिकित्सा सेवा और मरीजों के प्रति समर्पण के लिये खास पहचान रखते थे।
हाल में स्वास्थ्य सेवाएं उल्लेखनीय योगदान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया था।उनके निधन न सिर्फ एक परिवार के लिए,बल्कि अररिया की स्वास्थ्य व्यवस्था और समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है।
इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह एवं नरपतगंज विधायक देवंती यादव ने कहा कि डॉ. जितेंद्र प्रसाद वर्षों से अपनी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा,सादगी और मानवीय व्यवहार के लिए अररिया में विशेष रूप से जाने जाते थे।उन्होंने असंख्य मरीजों को न सिर्फ इलाज दिया,बल्कि उन्हें भरोसा और संबल भी प्रदान किया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि डॉ. जितेंद्र प्रसाद का जाना जिले के लिए ऐसी क्षति है,जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।अररिया जिलावासियों की ओर से उन्होंने दिवंगत दंपति को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें।
आज अररिया सिर्फ एक डॉक्टर को नहीं,बल्कि सेवा,समर्पण और करुणा की मिसाल को खो देने के गहरे शोक में है।
Post a Comment