प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के सिंगूर में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के माध्यम से राज्य को 830 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने हुगली के बलागढ़ में 'एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम' का शिलान्यास किया और जयरामबाटी–बड़ा गोपीनाथपुर–मयनापुर नई रेल लाइन का उद्घाटन किया।
रेल कनेक्टिविटी को विस्तार देते हुए प्रधानमंत्री ने तीन नई 'अमृत भारत एक्सप्रेस' और एक पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि इनमें से एक ट्रेन उनके संसदीय क्षेत्र काशी (वाराणसी) और बंगाल के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी।
पीएम ने उल्लेख किया कि हाल ही में बंगाल से देश की पहली 'वंदे भारत स्लीपर' ट्रेन और आधा दर्जन अमृत भारत ट्रेनें भी शुरू हुई हैं। मंच पर राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय मंत्री डॉ सुकांत मजूमदार, सांसद शांतनु ठाकुर, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य उपस्थित रहे। पीएम ने कहा कि ये परियोजनाएं बंगाल के औद्योगिक और परिवहन बुनियादी ढांचे को नई गति प्रदान करेंगी। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हावड़ा-आनंद विहार (टी), सियालदह-बनारस और सांतरागाछी-तांबरम को जोड़ने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
Post a Comment