Top News

बहन के हिस्से का बांस काटने पर भाई की 3 गोली मारकर हत्या, हथियार लेकर बहन पहुँची थाना

पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर गांव के समीप रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ बांस काटने को लेकर हुए विवाद में 60 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान श्रीनगर गांव वार्ड संख्या-6 निवासी दिनेश यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए सदर एसडीपीओ ज्योति शंकर, मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदिन राम सहित भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुँचा और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के साथ एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुँची और मेटल डिटेक्टर की मदद से घटनास्थल से खोखे व अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी रही। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।
मृतक के पुत्र मुकेश कुमार ने बताया कि उनके पिता अपनी बहन के हिस्से की जमीन में लगे बांस की कटाई करवा रहे थे। इसी दौरान उनके जीजा-बहन के परिवार के सदस्य देवदत्त यादव, नीलम देवी, सचिन, प्रभु और शम्भू यादव सहित अन्य लोग एक कार और चार बाइक से वहाँ पहुँचे और विवाद करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान देवदत्त यादव ने हथियार निकालकर दिनेश यादव पर लगातार तीन गोलियाँ चला दीं। सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुकेश कुमार ने यह भी बताया कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कोर्ट से डिग्री प्राप्त होने के बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा लगातार विवाद किया जा रहा था।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ ज्योति शंकर ने बताया कि दिनेश यादव की मौत गोली लगने से हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएफएल/एफएसएल टीम को बुलाया गया है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में बांस काटने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि घटना में दो लोगों की प्रत्यक्ष संलिप्तता पाई गई है, जबकि कुल आठ लोगों के नाम सामने आए हैं। एक महिला ने घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ थाने में आत्मसमर्पण किया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post