Top News

अमौर विधायक अख्तरुल ईमान ने किया छह सड़कों का शिलान्यास, बोले- पांच साल में किया 35 साल का काम

बैसा/सिटी हलचल न्यूज 

पूर्णियां : मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत घटक ग्रामीण सड़क सुदृढ़ाकरण एवं प्रबंधक कार्यक्रम में शुक्रवार को बैसा प्रखंड के छह ग्रामीण सड़कों का शिलान्यास अमौर विधायक अख्तरुल ईमान ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।शिलान्यास किए गए सड़कों में टी01 से भेबरा सड़क, झौआमनी से रसूलगंज सड़क, बौलान से पलसबाड़ी सड़क, एप्रोच रोड से खगजाना सड़क, महलबाड़ी से बरहियालपुर सड़क और जिंहुर से किन्हौर सड़क शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में वह काम किया है


जो पिछले 35 वर्षों में किसी विधायक ने नहीं किया। उन्होंने कहा, “खाड़ी और रसेली पुल, जो वर्षों से अधर में लटका हुआ था, उस पर मैंने दोबारा काम शुरू कराया। आज महानंदा नदी पर 200 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण हो रहा है। क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराई और कई नए सड़क व पुलों का निर्माण शुरू कराया।”विधायक ने कहा कि उन्होंने प्रखंड को दलाली और भ्रष्टाचार से मुक्त करने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी एआईएमआईएम को आज पूरे बिहार में जनता का समर्थन मिल रहा है। सीमांचल न्याय यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी को सीमांचल की जनता ने भरपूर समर्थन और प्यार दिया है

सत्ता पर बैठी सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए अख्तरुल ईमान ने कहा कि राज्य की भ्रष्टाचारी सरकार ने हमेशा सीमांचल को अनदेखा किया है। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई सीमांचल को उसका हक और अधिकार दिलाने को लेकर है।उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में विकास की गंगा बहती रहेगी और सभी अधूरे कार्य पूरे किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि वे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग दें।ग्रामवासियों ने विधायक का स्वागत कर उनका आभार जताया। उनका कहना था कि सड़कों के निर्माण से अब बाजार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, जिससे ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post