चुन्ना ठाकुर की चेतावनी हुई सच, नगर पंचायत धमदाहा में लापरवाही और अनदेखी का मामला उजागर
धमदाहा/सिटी हलचल न्यूज
धमदाहा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 17 में काली मंदिर के समीप लाखों की लागत से लगाई गई हाईमास्ट लाइट अब भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण बन गई है। 8 लाख 50 हजार रुपये की लागत से स्थापित यह हाईमास्ट लाइट सिर्फ 7 दिन तक ही जल पाई, इसके बाद से अब तक यह लगातार 20 दिनों से बंद पड़ी है।इस हाईमास्ट लाइट को लेकर लंबे समय से समाजसेवी चुन्ना ठाकुर नगर पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते आ रहे हैं। उन्होंने पहले ही इस तरह की अनियमितता की आशंका जताई थी, जो अब पूरी तरह सच साबित होती नजर आ रही है
क्या है मामला?
हाईमास्ट लाइट चालू होने के सात दिन बाद ही बंद हो गई। जब स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत और बिजली विभाग से जानकारी ली तो बताया गया कि पावर सप्लाई नहीं मिलने के कारण इसका कनेक्शन काट दिया गया है।स्थानीय नागरिकों द्वारा नगर पंचायत धमदाहा को नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए कहा गया है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सवाल उठता है:
नगर पंचायत के अन्य सभी वार्डों में हाईमास्ट लाइटें चालू हैं, तो सिर्फ वार्ड नं. 17 में ही क्यों अंधेरा? क्या यह जानबूझ कर की गई उपेक्षा है या फिर लाइट लगाने के नाम पर भ्रष्टाचार?
स्थानीय लोगों का कहना है:
“अगर लाइट जलानी ही नहीं थी, तो फिर जनता के टैक्स के पैसों से यह दिखावा क्यों? यह सिर्फ खानापूर्ति और बजट की लूट है।”तस्वीर में दिख रही हाईमास्ट लाइट अब सिर्फ एक लोहे का खंभा बनकर रह गई है, जो हर शाम इस वार्ड के अंधेरे को और गहरा करता है
कार्यपालक पदाधिकारी का बयान
इस मुद्दे पर पूछे जाने पर कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा ने बताया: “मैकेनिक को स्थल पर भेजा गया था। वोल्टेज की समस्या सामने आई है।नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए फाइल तैयार की गई है, जैसे ही अप्रूवल मिलेगा, लाइट को फिर से चालू करवा दिया जाएगा।”
जनता की मांग
हाईमास्ट लाइट को अविलंब चालू किया जाए।8.50 लाख की लागत के इस प्रोजेक्ट की जांच कराई जाए।जवाबदेह अधिकारियों पर कार्रवाई हो।भविष्य में जनता के पैसों से होने वाले कार्यों में पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित की जाए।यह मामला केवल एक लाइट का नहीं, बल्कि सिस्टम की विफलता और नागरिकों के अधिकारों की अनदेखी का है। अगर अब भी आंखें मूंदी गईं, तो अंधेरा सिर्फ एक वार्ड में नहीं, पूरे तंत्र में छा जाएगा।



Post a Comment