मक्का पर वाहन स्लीप होने से हादसे की आशंका, राहगीरों को होती है परेशानी,
मुरलीगंज - मधेपुरा मुख्य मार्ग और मुरलीगंज बिहारीगंज स्टेट हाइवे 91 पर पसरा रहता है मक्का -
मुरलीगंज/ मिथिलेश कुमार
मुरलीगंज। मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र मे सड़क को अतिक्रमण कर मक्का सुखाने का प्रचलन काफी बढ़ गया है। जिस कारण आवागमन करने वाले राहगीर दुर्घटना के शिकार हो रहे है। सड़को पर बेरोकटोक मक्का फसल सुखाने से वाहनो के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है।बीते बुधवार की रात्री ग्वालपाड़ा प्रखंड मे मुख्य सड़क पर मक्का सुखाने से बाईक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद तीन लोगो की मौत से होने के बाद भी जिला प्रशासन उदासीन बना हुआ है। प्रखंड क्षेत्र में मक्के की कटाई शुरू होने के साथ ही किसान मक्का सुखाने के लिए सड़कों का अतक्रिमण करना शुरू कर देते हैं। सड़क के आधे से अधिक हिस्से पर मक्का फैलाकर सुखने के लिए छोड़ देते हैं। इतना ही नहीं मक्का पर वाहनों का चक्का न पड़े उससे बचाव के लिए बगल में पत्थर और मोटी लकड़ी रख देते हैं। इससे सड़क पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है
बता दे कि मुरलीगंज बिहारीगंज और मुरलीगंज - जदिया एसएच 91 मुख्य मार्ग, मुरलीगंज - मधेपुरा एनएच 107 मुख्य मार्ग पर जीतापुर सहित अन्य ग्रामीण सड़को पर मकई सुखाने का खेल चल रहा है। इस कारण व्यस्तम सड़कों पर छोटे - बड़े लोड वाहनों के लगातार परिचालन से दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि सड़क पर मक्का सुखाने पर रोक नहीं लगने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इतना ही नही मक्का के सीजन मे अधिकांश सड़क मक्का सुखाने वालों के कब्जे में होती है। जबकि उस सड़क होकर कईबार प्रशासनिक पदाधिकारीयो का आना जाना होता है। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारी उदासीन बने हुए है। मक्का सुखाने वाले को रोका टोका नही जाता है। जिसकारण कई वाहन चालक मक्का पर फिसल कर गंभीर रूप से चोटिल भी हो चुके हैं
स्थानीय रविंद्र यादव, प्रकाश कुमार गुड्डू, दीपक मेहता, सुमन यादव, मु सकील, रोहित कुमार, अजीत भगत, मुरलीगंज कुमार, सोनू कुमार, अभिषेक कुमार, राजू यादव, सुमित चौधरी ने बताया कि प्रशासन को सड़क पर अतिक्रमण कर मकई सुखाने वाले लोगो के खिलाफ फसल जप्त करते हुए मामला दर्ज करनी चाहिये। जिससे सड़क पर मकई सुखाना बंद हो। अन्यथा ऐसे ही कई वाहन मकई पर फिसलकर दुर्घटना के शिकार हो रहे है। प्रशासन को ट्रेफिक रोड फोर्स के द्वारा पेट्रोलिंग करवाना चाहिये।साथ ही उनलोगो ने मक्का सुखाने पर रोक लगाने की मांग जिला प्रशासन से की है। मुरलीगंज होकर मधेपुरा - पूर्णियां को गुजरने वाली नवनिर्मित बाईपास सड़क मे भी लोगो ने सड़क पर मकई का जाल बिछा दिया है। ऐसे में हमेशा दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। एक साथ दो गाड़ियों के एक ही लेन में आने से मक्का के कारण दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।