बेगूसराय/सिटिहलचल न्यूज
बेगूसराय में कोर्ट परिसर में हत्या होते-होते रह गई। अपराधी लोडेड पिस्टल लेकर कोर्ट परिसर में पहुंचे थे। जिनपर स्थानीय लोगों की नजर पड़ गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने 2 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश तेघड़ा थाना क्षेत्र निवासी धनंजय कुमार और सूरज कुमार हैं। बेगूसराय जेल से एक कैदी को पेशी के लिए तेघड़ा अनुमंडलीय कोर्ट ले जाया गया था। कैदी को जेल वाहन से उतारकर हाजत में रखा गया था। इसी दौरान 4 बदमाश वहां पहुंच गए, लेकिन वह घटना को अंजाम देते, उससे पहले वहाँ उपस्थित लोगों ने शोर मचा दिया। हल्ला होते ही 2 बदमाश भाग गए, जबकि दो बदमाशों को कोर्ट में मौजूद पुलिसकर्मियों के सहयोग से पकड़ लिया गया
दोनों किसकी हत्या करने आए थे, इसका खुलासा अभी पुलिस नहीं कर रही है। पूछताछ चल रही है, उसके बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। मामला तेघड़ा न्यायालय परिसर का है।सूत्रों ने बताया है कि तेघड़ा थाना क्षेत्र के पिढ़ौली में हुई गोलीबारी मामले के आरोपी को मारने के लिए बदमाश कोर्ट पहुंचे थे। इस संबंध में तेघड़ा डीएसपी डॉ. रविंद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि तेघड़ा अनुमंडल न्यायालय परिसर में संदिग्ध स्थिति 2 लोगों को पकड़ा गया है। उनके पास से पिस्तौल बरामद किए गए हैं। कोर्ट परिसर में हथियार लेकर आने की क्या मनसा थी, इसके लिए जांच-पड़ताल और पूछताछ चल रही है
उसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह लोग हथियार लेकर कोर्ट कैंपस में क्यों आए थे। डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश तेघड़ा थाना क्षेत्र के दनियालपुर वार्ड नंबर- 4 निवासी सुरेश शर्मा का बेटा धनंजय कुमार (24) और तेघड़ा थाना क्षेत्र के ही मरसैती वार्ड नंबर- 7 निवासी कपिल देव सिंह का बेटा सूरज कुमार (23) को गिरफ्तार कर पूछताछ किया जा रहा है। दोनों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।