पटना/सिटी हलचल न्यूज़
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित ‘मिलन समारोह’ में नवागत राजनीतिक नेताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद सम्बोधित करते हुए भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में पूरी तरह से अपराधियों का राज कायम हो चुका है। 2025 के विधान सभा चुनाव के बाद नीतीश सरकार की विदाई तय है। जनता मन बना चुकी है। जनभावना पूरी तरह से नीतीश सरकार के खिलाफ है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि 2024 में बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर भाजपा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को मजबूत बनाएगी।श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा के शांतिपूर्ण विधान सभा मार्च के दौरान विगत 13 जुलाई को नीतीश कुमार की सरकार द्वारा किया गया बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण था। हमारे 1100 से 1200 कार्यकर्ताओं के ऊपर लाठियां बरसाई गई
सांसदों, विधायकों के साथ ही सैकड़ों नेताओं व कार्यकर्ताओं के सिर पर प्रहार किया गया। महिला कार्यकर्ताओं पर भी बेरहमी से लाठियां चलाई गईं। मीना झा को पुलिस की लाठी से ब्रेन इंजुरी हो गई है तो चिन्ता झा की छाती की हड्डी टूट गई है। सरकार की इस कार्रवाई से आम लोगों में आक्रोश है।उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में अपराधियों का राज कायम हो चुका है। जिस तरह से बेगूसराय में हमारी दलित बहनों को नंगा कर पीटा गया है और नवादा में दलित भाई को जदयू के नेता द्वारा पिटाई की गई है, यह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है। मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े नरसंहार को अंजाम दिया गया है, उससे स्पष्ट है कि बिहार में पूरी तरह से अपराधियों की सरकार कायम हो चुकी है। जमीन माफिया खुलेआम रोड पर घूम रहे हैं और सरकार चैन से सो रही है। नीतीश कुमार जी का बिहार की सत्ता में अब एक दिन भी रहना बिहार के लिए हानिकारक है
उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता संकल्प लें कि अब किसी और को नहीं, 2025 में भाजपा की सरकार बनायेंगे और भाजपा का कार्यकर्ता ही बिहार का मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने कहा कि श्री कर्पूरी ठाकुर को जनसंघ (भाजपा) ने ही दो बार तो लालू प्रसाद को पहली बार मुख्यमंत्री बनाया। नीतीश कुमार को पांच बार भाजपा ने मुख्यमत्री बनाया। अब किसी और को नहीं, बिहार में भाजपा की सरकार बनेगी। श्री चौधरी ने श्री आनंद शंकर , राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के राष्ट्रीय समन्वयक, जदयू से आई श्रीमती मालती कुशवाहा, सुनील कुमार सिन्हा, मनीष, संजय सिन्हा व चन्द्रभूषण यादव आदि को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उन सभी का हार्दिक स्वागत किया और कहा कि आप सब के आने से भाजपा और मजबूत होगी तथा 2024 और 2025 में अपने संकल्पों को पूरा करेगी।



Post a Comment