Top News

विद्या विहार ने लगातार तीसरी बार जीता क्रिकेट का खिताब, फाइनल में बनभाग को 40 रन से हराया

पूर्णियां/बालमुकुन्द यादव 

विद्या विहार आवासीय विद्यालय ने लगातार तीसरी बार रमेश चन्द्र मिश्र मेमोरियल विद्यालय स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। सोमवार को परोरा स्थित रमेश विजयलक्ष्मी मेमोरियल स्टेडियम में खेले गए अंडर-19 टेनिस बॉल टी-20 टूर्नामेंट के फाइनल में विद्या विहार ने यूएचएस बनभाग दक्षिण को 40 रन से हराया।

टॉस जीतकर बनभाग दक्षिण ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए विद्या विहार की टीम 19.2 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट हो गई। अनुकूल चन्द्र ने 14 और अमन ने 13 रन बनाए। बनभाग की ओर से मानस, अजीत और मोहम्मद शकलेन ने दो-दो विकेट लिए।101 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बनभाग की टीम विद्या विहार की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। छह ओवर से पहले ही 16 रन पर पांच विकेट गंवाने वाली टीम 14.1 ओवर में 60 रन पर सिमट गई। चांद ने 16 और हामिद ने 10 रन बनाए।विद्या विहार की ओर से आशुतोष यादव ने तीन ओवर में सात रन देकर दो विकेट लिए। शाहिल रंजन, अलबाब और अमन ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। अंकुश कुमार ने एक बल्लेबाज को रन आउट किया, जबकि राजवीर ने अंतिम विकेट लेकर जीत पक्की की।आशुतोष यादव को मैन ऑफ द मैच और कप्तान अनुकूल चन्द्र को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। अनुकूल ने लगातार तीसरी बार यह सम्मान हासिल किया।विद्या विहार ने टूर्नामेंट में अपने सभी मुकाबले जीते। टीम ने एक्सीलेंट कॉन्वेंट स्कूल को 132 रन, क्वार्टर फाइनल में जेएनवी पूर्णिया को 32 रन और सेमीफाइनल में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल को 85 रन से हराया था।स्वर्गीय रमेश चन्द्र मिश्र की 75वीं जयंती पर आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में बियाडा के महाप्रबंधक अमित झा और ब्रजेश ऑटोमोबाइल्स के प्रबंध निदेशक ब्रजेश चन्द्र मिश्र ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। सभी खिलाड़ियों को मेडल भी प्रदान किए गए।विद्या विहार की सफलता में कोच भास्कर दुबे और टीम मैनेजर शादाब अकरम का योगदान रहा। प्रतियोगिता का उद्घाटन 24 अक्टूबर को बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने किया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post