Top News

बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना और जेवर खरीदने वाला दुकानदार गिरफ्तार



 बंद घरों की खिड़की का ग्रिल काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का किशनगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना और चोरी के जेवर खरीदने वाले ज्वेलर्स दुकानदार को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 20 ग्राम गलाया हुआ सोना, नकदी और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

एसडीपीओ खुसरो शिराज ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बीते 5 नवंबर की रात किशनगंज थाना क्षेत्र के सफानगर में मुखलिस आलम के बंद घर की खिड़की का ग्रिल काटकर चोरों ने अलमारी से सोने की चेन और झुमका चोरी कर लिया था। इस मामले में 6 नवंबर को किशनगंज थाना में कांड संख्या 1219/26 दर्ज किया गया था।

एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अनुसंधान करते हुए 19 नवंबर को गिरोह के सरगना इन्तेखाब (34), निवासी मोहिद्दीनपुर और चोरी के जेवर खरीदने वाले राजा राम स्वर्णकार (32), निवासी बेलवा बाजार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि गिरोह में सात से आठ सदस्य शामिल हैं। गिरोह के सदस्य पहले मोहल्लों में घूमकर कई दिनों से बंद घरों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में खिड़की का ग्रिल या ताला काटकर घर में घुसते और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर करीब 20 ग्राम गलाया हुआ सोना, बोल्ट कटर, आरी ब्लेड मशीन, चार आरी ब्लेड, सिलाई रिंच, दो लोहे की खुड़िया और तार काटने वाला छोटा कटर बरामद किया है। जांच में सामने आया कि राजा राम स्वर्णकार अपनी दुकान के माध्यम से चोरी के आभूषण खरीदता था। चोरी के सोने को गलाकर बेचने की भी जानकारी मिली है।

एसडीपीओ ने बताया कि इस गिरोह के चार सदस्यों को अब तक गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और जिले में हुई दूसरी चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच के लिए छापेमारी जारी है।

कार्रवाई में एसडीपीओ खुसरो शिराज, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला आसूचना इकाई और किशनगंज थाना की पुलिस टीम शामिल थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post