बहादुरगंज प्रखंड क्षेत्र के दुर्गापुर बंगामा वार्ड संख्या-09 में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे ने अपनी 58 वर्षीय मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। खेत में आलू लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बेटे ने मां पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना में खैरुण निशा (58), पति स्वर्गीय जियाउद्दीन की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र सहीरुल आलम (30) को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में मृतका के बेटे चिराग अली, निवासी रूपनी, बहादुरगंज ने थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन के अनुसार घटना रविवार की है। खैरुण निशा दोपहर करीब तीन बजे विशनपुर से घर लौटी थीं। इसके बाद वह अपनी बड़ी बहू अबसरी बेगम के साथ खाना खाने बैठी थीं। इसी दौरान छोटी बहू खेत में आलू लगाने गई। आरोप है कि मंझले बेटे सहीरुल आलम ने उसे आलू लगाने से रोक दिया।
इस पर मां ने कहा कि यदि वह खेत में आलू लगा रही है तो उसे लगाने दिया जाए। इसी बात से नाराज होकर सहीरुल आलम ने मां के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसने मां को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। मां के बेहोश हो जाने के बाद भी वह मारपीट करता रहा। इससे उनकी नाक और मुंह से खून निकलने लगा तथा शरीर में सूजन आ गई।
घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए ले जाने लगे। हालांकि, गाड़ी में बैठाते ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सहीरुल पहले भी घर के सामान पर कब्जा करने को लेकर अपने पिता के साथ मारपीट करता था। पिता की मृत्यु के बाद वह मां के साथ भी मारपीट करने लगा था।
सूचना मिलने पर बहादुरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने लिखित आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment