शराबबंदी कानून के तहत अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अनगढ़ थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जयरामपुर गांव में छापेमारी कर 10 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की।
अनगढ़ थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि 18 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जयरामपुर गांव में देशी शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जयरामपुर निवासी वैशारु लाल सिंह (48) के घर पर छापेमारी की। इस दौरान घर के अंदर चौकी पर रखी 500 एमएल की 20 पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियों में कुल 10 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद हुई।
मौके से पुलिस ने वैशारु लाल सिंह, पिता धुनी लाल सिंह, निवासी जयरामपुर और सुरेश ऋषि (45), पिता पाचु ऋषि, निवासी कदमखाड़ी को गिरफ्तार किया। दोनों अनगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में वैशारु लाल सिंह ने बताया कि सुरेश ऋषि उसे शराब लाकर देता था, जिसे वह खुदरा बेचता था। पुलिस ने शराब जब्त कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
Post a Comment