फलका (कटिहार)। प्रखंड क्षेत्र में अगलगी की घटनाओं में घर-गृहस्थी का सामान गंवा चुके 18 परिवारों के बीच मंगलवार को अंचल प्रशासन की ओर से राहत सामग्री वितरित की गई। आग लगने से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
जानकारी के अनुसार, हथवारा पंचायत के तीन, भंगहा पंचायत के दस, पोठिया पंचायत के दो और सोहथा उत्तरी पंचायत के तीन परिवारों को राहत सामग्री दी गई। फलका की अंचलाधिकारी सोमी पोद्दार ने पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान अंचल नाजीर गोपाल यादव और कर्मचारी अजय कुमार मंडल भी मौजूद रहे।
अगलगी की घटनाओं में प्रभावित परिवारों के घरों के साथ कपड़े, अनाज और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान भी जलकर नष्ट हो गया था। इससे पीड़ित परिवारों के सामने घरेलू जरूरतों को पूरा करने की चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे में अंचल प्रशासन की ओर से मिली राहत से प्रभावित परिवारों को कुछ मदद मिली है।
Post a Comment