Top News

फलका में तब्लीगी इज्तिमा को लेकर प्रशासन अलर्ट, एक लाख से अधिक भीड़ की संभावना


 कटिहार जिले के फलका प्रखंड अंतर्गत सालेहपुर-महेशपुर में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तिमा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रखंड में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित हो रहे इस धार्मिक समागम में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए बुधवार को एसडीएम डॉ. सूरज कुमार ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आयोजक कमेटी ने इज्तिमा में करीब 70 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान जताया है। वहीं, प्रशासन एक से दो लाख लोगों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखकर तैयारियां कर रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने आयोजन स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की और कमियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया।

कमजोर पुलिया की मरम्मत का निर्देश

निरीक्षण के दौरान आयोजन स्थल के समीप एक कमजोर पुलिया का मामला सामने आया। एसडीएम ने आयोजक कमेटी को पुलिया की मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि लोगों की आवाजाही के दौरान दुर्घटना की आशंका न रहे। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर वॉलंटियर्स की तैनाती करने और आवागमन सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस बल की होगी तैनाती

संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है। आयोजन के दौरान सुरक्षा के साथ यातायात नियंत्रण, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि दूसरे क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आयोजन स्थल तक पहुंचने और वापस लौटने में परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सनी सौरभ, अंचल अधिकारी सौमी पोद्दार, थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव और राजस्व अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इज्तिमा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post