Top News

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने की अपील, केंद्र पर बरसे सांसद डॉ. जावेद आजाद


आगामी 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की ओर से आयोजित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली को लेकर किशनगंज के कांग्रेस सांसद डॉ. जावेद आजाद ने बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने दिल्ली में रह रहे सीमांचल के लोगों से महारैली में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार उन्हें बचाने में जुटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मिलीभगत से भाजपा ने बिहार और बंगाल में चुनाव जीता है।

प्रधानमंत्री को बताया ‘कायर’

डॉ. जावेद आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘कायर’ बताते हुए आरोप लगाया कि जब विपक्षी दलों और युवाओं ने वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाई और आंदोलन किया, तो जंतर-मंतर को ही प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया।

रामलीला मैदान भरने का आह्वान

सांसद ने सीमांचल सहित देशभर के लोगों से लाखों की संख्या में दिल्ली पहुंचकर रामलीला मैदान को भरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महारैली के माध्यम से केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को यह संदेश देना है कि जनता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक है और उन्हें छीनने के प्रयासों का विरोध करेगी।

पत्रकार वार्ता में विधायक कमरूल हुदा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहाबुल अख्तर, इमाम अली चिंटू सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post