Top News

बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, एनएच-81 तीन घंटे जाम


भीषण गर्मी और लगातार चरमराई बिजली व्यवस्था के खिलाफ बुधवार को कोढ़ा प्रखंड के कोलासी चौक पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों विद्युत उपभोक्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-81 (एनएच-81) पर शांतिपूर्ण धरना देकर सड़क जाम कर दी, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में कई दिनों से बिजली आपूर्ति बदहाल है। 24 घंटे में महज एक-दो घंटे ही बिजली मिलने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है, वहीं घरेलू कार्य, व्यापारिक गतिविधियां और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अविलंब बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही और उससे बढ़ रहे दुर्घटना के खतरे का मुद्दा भी प्रशासन के समक्ष रखा।

आंदोलन की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) सुनील कुमार शर्मा, अंचल अधिकारी संजीव कुमार, थाना अध्यक्ष पंकज आनंद तथा कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों की मांग पर बिजली विभाग के एसडीओ लल्लू प्रसाद भी धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों और लाइन मेंटेनेंस कार्य के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। एसडीओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही क्षेत्र में प्रतिदिन 16 से 17 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन और बिजली विभाग के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया, जिसके बाद एनएच-81 पर यातायात सामान्य हो सका। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरना में बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और बिजली उपभोक्ता शामिल रहे। आंदोलन के कारण क्षेत्र में कई घंटों तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Post a Comment

Previous Post Next Post