सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत फुलवरिया पंचायत के अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से आई गर्भवती 36 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें सुरक्षित मातृत्व एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
शिविर में आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अमित आर्य ने बताया कि केंद्र सरकार की जननी सुरक्षा योजना पिछले दस वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य जांच के दौरान एएनएम कंचन कुमारी व शांति कुमारी ने महिलाओं का हीमोग्लोबिन, शुगर, एचआईवी, वजन और रक्तचाप (बीपी) सहित विभिन्न आवश्यक जांचें कीं। साथ ही महिलाओं को विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, आयरन एवं कैल्शियम की दवाइयां भी वितरित की गईं।
महिला चिकित्सक डॉ. पूजा कुमारी ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह देते हुए हरी साग-सब्जियां, दूध, दही और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर भोजन को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया।
Post a Comment