Top News

बिरौली में नए डिग्री कॉलेज प्राचार्य का स्वागत उन्होंने नए सत्र में नामांकन के लिए अपील की

बिरौली मिडिल स्कूल परिसर में इस वर्ष से नए डिग्री कॉलेज का संचालन शुरू होगा। विभागीय अधिसूचना के बाद डॉ. अनवर हुसैन ने प्रथम प्रभारी प्राचार्य के रूप में कार्यभार संभाला। सोमवार को बिरौली बाजार गणेश पूजा समिति ने नए प्राचार्य के सम्मान में एक स्वागत समारोह आयोजित किया।समारोह की अध्यक्षता गणेश पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक शशांक शेखर ने किया। विधायक कलाधर मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंच पर उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद गणेश पूजा समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का बुके और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।इस अवसर पर विधायक कलाधर मंडल ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्षों से क्षेत्र में डिग्री कॉलेज न होने के कारण लोगों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर, इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के बाद अधिकांश बेटियां डिग्री कॉलेज के अभाव में आगे की पढ़ाई छोड़ देती थीं।उन्होंने बताया कि एनडीए सरकार ने लोगों की समस्याओं को देखते हुए पूरे बिहार के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अब वह दिन दूर नहीं जब रूपौली का नाम भी शिक्षा के क्षेत्र में राज्य के अग्रणी स्थानों में शामिल होगा।विधायक ने आगे कहा कि रूपौली के सुदूर क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों के अभाव में प्रतिभावान बच्चे अपनी क्षमता को निखार नहीं पाते थे। अब डिग्री कॉलेज खुलने से गरीब परिवारों के बेटे और बेटियां भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकेंगे।प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनवर हुसैन ने अपने संबोधन में कहा कि समारोह में अभिभावकों की उपस्थिति उनकी जागरूकता को दर्शाती है। उन्होंने अपील की कि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण कर चुके छात्रों का नए सत्र में नामांकन कराएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post