भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में इन दिनों अवैध हुंडी कारोबार (रुक्का सिस्टम) को लेकर लगातार खुलासे हो रहे हैं। सीमा पार नेपाल पुलिस द्वारा भारी मात्रा में भारतीय एवं नेपाली मुद्रा की बरामदगी के बाद सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार हो रही कार्रवाई यह संकेत दे रही है कि सीमा क्षेत्र में अवैध धन लेन-देन का नेटवर्क काफी सक्रिय हो चुका है।
ताजा मामले में नेपाल के मोरंग जिला अंतर्गत रतूवामाई नगरपालिका-02 स्थित घररु चौक सीमा क्षेत्र में सशस्त्र नेपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लाख भारतीय रुपये बरामद किए हैं। बताया जाता है कि सीमा सुरक्षा गुल्म बरडंगा बीओपी डोरिया की सशस्त्र नेपाल पुलिस टीम नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान भारतीय क्षेत्र की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार नेपाल में प्रवेश कर रहा था। पुलिस को संदेह होने पर उसे रोकने का प्रयास किया गया।
जांच के दौरान बाइक से 20 लाख भारतीय रुपये बरामद हुए। हालांकि कार्रवाई के दौरान बाइक सवार मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। बताया गया कि आरोपी अपनी मोटरसाइकिल और नकदी वहीं छोड़कर सीमा क्षेत्र से भाग निकला। घटना के बाद नेपाल पुलिस ने पूरे इलाके में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है और फरार व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले की पुष्टि करते हुए सशस्त्र नेपाल पुलिस के मोरंग जिला एसपी गेहेन्द्र भंडारी ने बताया कि बरामद भारतीय मुद्रा और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है ताकि अवैध रूप से नकदी और अन्य सामान की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके।
सूत्रों के अनुसार, भारतीय सीमा क्षेत्र में कुछ बड़े कारोबारी वैध व्यापार की आड़ में कथित रूप से हुंडी कारोबार संचालित कर रहे हैं। कागजों पर सामान्य व्यापार दिखाकर अवैध तरीके से करोड़ों रुपये का लेन-देन किए जाने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इस धंधे के जरिए कुछ लोग लाखों रुपये की अवैध कमाई कर रहे हैं।
जानकारों के मुताबिक, हुंडी कारोबार के माध्यम से बिना बैंकिंग प्रक्रिया के भारत से नेपाल और नेपाल से भारत तक रकम पहुंचाई जाती है। इस प्रक्रिया में नकद रुपयों का अवैध हस्तांतरण होता है, जिससे सरकारी नियमों और वित्तीय निगरानी को दरकिनार किया जाता है। यही वजह है कि सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह मामला गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। हाल के दिनों में नेपाल पुलिस द्वारा सीमा क्षेत्र में कई बार बड़ी मात्रा में भारतीय और नेपाली मुद्रा जब्त किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध लोगों की जांच के दौरान लाखों रुपये बरामद हुए हैं। इन घटनाओं के बाद दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों को इस नेटवर्क की गुप्त स्तर पर जांच कर सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सख्ती बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों का कहना है कि खुले बॉर्डर का फायदा उठाकर कुछ तस्कर और अवैध कारोबारी लंबे समय से इस तरह के धंधों में सक्रिय हैं। हालांकि नेपाल पुलिस की लगातार कार्रवाई से ऐसे कारोबारियों में डर का माहौल जरूर बना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते इस अवैध नेटवर्क पर सख्ती नहीं की गई, तो यह आर्थिक अपराध का बड़ा रूप ले सकता है।
Post a Comment