भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र का प्रमुख मक्का अनाज बाजार इन दिनों अव्यवस्था का शिकार बना हुआ है। स्थायी बाजार समिति नहीं होने के कारण यहां सड़क किनारे ही अनाज मंडी लगाई जा रही है, जिससे रोजाना घंटों जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
भवानीपुर में गुलाबबाग के बाद यह जिले की दूसरी सबसे बड़ी अनाज मंडी मानी जाती है। यहां मधेपुरा, कटिहार एवं अन्य जिले के दर्जनों गांवों से किसान अपने उत्पाद बेचने पहुंचते हैं। लेकिन मंडी के लिए उचित स्थान और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में सड़क ही व्यापार का मुख्य केंद्र बन गई है।
सुबह होते ही सड़क के दोनों किनारों पर अनाज से लदे ट्रैक्टर, छोटे-बड़े वाहन और बोरी लदी गाड़ियां खड़ी हो जाती हैं। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है और आम लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।
स्थानीय लोगों, किसानों और व्यापारियों का कहना है कि वर्षों से बाजार समिति के गठन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उनका कहना है कि यदि व्यवस्थित मंडी की सुविधा मिल जाए, तो व्यापार सुचारू रूप से होगा और समय की भी बचत होगी।
वहीं प्रशासनिक स्तर पर अब तक इस समस्या को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
Post a Comment