अपराध नियंत्रण के साथ-साथ खेल के मैदान में भी कोढ़ा थाना पुलिस का दम रविवार को देखने को मिला. प्रखंड के कोढ़ा हाई स्कूल मैदान में खेले गये रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में कोढ़ा थाना पुलिस की टीम ने पुलिस केंद्र कटिहार को 10 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और खेल भावना ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.
15-15 ओवर के इस मुकाबले में कोढ़ा थाना पुलिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. टीम के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत करते हुए निर्धारित ओवरों में दो विकेट पर 165 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अपर थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 30 गेंदों में 75 रन जड़ दिये. उनकी पारी में कई आकर्षक चौके और लंबे छक्के शामिल रहे, जिसने मैच का रुख तय कर दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस केंद्र कटिहार की टीम ने भी मुकाबले को रोमांचक बनाया. शुरुआती ओवरों में तेज रन गति से ऐसा लगा कि टीम लक्ष्य हासिल कर लेगी, लेकिन कोढ़ा थाना पुलिस की सटीक गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग ने विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया. निर्धारित 15 ओवर में पुलिस केंद्र की टीम 155 रन ही बना सकी और मुकाबला 10 रन से हार गयी.
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए कुणाल कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं बेहतरीन फील्डिंग और कठिन कैच पकड़ने पर पूर्व थाना अध्यक्ष को बेस्ट कैच पुरस्कार दिया गया। मौके पर कोढ़ा सर्किल इंस्पेक्टर साजेद, थाना अध्यक्ष पंकज आनंद, विवेक विक्रम, सागर झा समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. खेल के माध्यम से पुलिसकर्मियों के बीच टीम भावना और आपसी समन्वय भी देखने को मिला।
Post a Comment