Top News

भवानीपुर में शिव महावीर कप का आगाज, अमन 11 भागलपुर की शानदार जीत

शिव महावीर कप (बाइक संस्करण) के 17वें सत्र के शुभारंभ अवसर पर समाजसेवी गोपाल यदुका की स्मृति में खिलाड़ियों एवं अतिथियों ने दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया गया।
भवानीपुर क्रीड़ा मैदान में गुरुवार को शिव महावीर क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार, थाना अध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक राजकुमार चौधरी, नगर अध्यक्ष सावन कुमार, नगर उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सह पूर्व सरपंच मंटू यादव, समाजसेवी मधुसूदन यदुका, राजद अध्यक्ष जमशेद आलम सहित नगर पंचायत के वार्ड पार्षदों एवं अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ खेलने की अपील की।
पहले ही दिन मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। शकीब 11 मधेपुरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन बनाए। गुरूशरण कुमार ने 47, ऋषव ने 30 और पंकज कुमार यादव ने 25 रन बनाए।
जवाब में अमन 11 भागलपुर की टीम ने 14.1 ओवर में 7 विकेट पर 148 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और जीत दर्ज की। टीम की ओर से आनंद ने नाबाद 51 रन की पारी खेली, जबकि अपु सरकार (26) और किट्टू (25) ने भी अहम योगदान दिया।
अमन 11 भागलपुर के कुंदन रॉय को 5 विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार वार्ड संख्या 13 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि वकील चौधरी एवं पप्पू कुमार ने प्रदान किया।
मैच के दौरान कॉमेंट्री अजीत राजन और आनंद ने की। वहीं, अंपायर की भूमिका में बीसीए पैनल के विमल, मुकेश और धीरज भगत मौजूद रहे।
हर चौके-छक्के पर दर्शकों का उत्साह देखने लायक था। आयोजकों के अनुसार, इस बार टूर्नामेंट में विजेता और उपविजेता टीम को बाइक पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजकों ने खेल प्रेमियों से मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post