रौटा थाना क्षेत्र की सिरसी पंचायत अंतर्गत चिल्हनी गांव के वार्ड संख्या 12 और 13 में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। जिससे क्षेत्र में नाराज़गी और आक्रोश का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आवास सहायक कर्मी नागेन्द्र द्वारा योजना का लाभ दिलाने के बदले पैसों की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि बिना रिश्वत दिए किसी भी लाभुक का काम नहीं किया जाएगा। आरोप यह भी है कि जब इस पर आपत्ति जताई जाती है तो कर्मी खुले तौर पर कहता है कि 'जहां शिकायत करनी है कर दो, कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।' इस कथित व्यवहार से ग्रामीणों में भारी असंतोष है। लाभुकों में नेनसरी
बेगम, साहिदा, आसफा खातुन, जीनत खातून, मसेहा बेगम, सहबीना और महाजबी सहित कई अन्य लोगों ने बताया कि आवास की स्वीकृति और किस्त जारी कराने के बदले उनसे रुपये की मांग की जा रही है। गरीब परिवारों के लिए चलाई जा रही इस महत्वपूर्ण योजना में कथित भ्रष्टाचार के आरोप ने ग्रामीणों को निराश और परेशान कर दिया है।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। ताकि योजना का लाभवास्तविक जरूरतमंदों तक बिना किसी अवैध वसूली के पहुंच सके।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment