कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के मुसापुर गांव में एक आवारा कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया, जब अलग-अलग स्थानों पर उसने 18 लोगों को काटकर घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।
घायलों को तत्काल स्थानीय समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिया जा रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। कुछ घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और रास्ते में आने वाले लोगों पर हमला करने लगा। देखते ही देखते कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर प्रशासन और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कुत्ते को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही कुत्ते को पकड़कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और किसी भी संदिग्ध या आक्रामक पशु की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।
Post a Comment