Top News

पूर्णिया में गौशाला निर्माण की मांग सदन में गूंजी, विधायक के पहल का विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने किया स्वागत

पूर्णिया जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं में गौ माता की हो रही दर्दनाक मौत एवं उनके संरक्षण की गंभीर समस्या को लेकर लंबे समय से सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा गौशाला निर्माण की मांग उठाई जा रही थी। इसी क्रम में विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ, बालाजी सेवा संघ सहित कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से गौ संरक्षण को लेकर व्यापक जनआंदोलन चलाया था।
जनभावनाओं एवं सनातन आस्था से जुड़े इस अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए पूर्णिया सदर के माननीय विधायक श्री विजय कुमार खेमका ने बिहार विधानसभा सदन में पूर्णिया में गौशाला निर्माण की मांग को मजबूती के साथ उठाया। विधानसभा में उठाई गई इस मांग को गौ संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं निर्णायक पहल माना जा रहा है। विधायक की इस पहल से जिले के सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा आम जनमानस में उत्साह एवं संतोष का वातावरण देखा जा रहा है।
विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आशीष गोस्वामी ने विधायक विजय कुमार खेमका के इस साहसिक एवं सराहनीय कदम का जोरदार स्वागत करते हुए कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं राष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से गौ संरक्षण की उपेक्षा के कारण सड़कों पर भटकती गौ माताएं दुर्घटनाओं का शिकार हो रही हैं, जो समाज और व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गोस्वामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूर्णिया में गौशाला का निर्माण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी एवं सांस्कृतिक संरक्षण का भी प्रश्न है। उन्होंने राज्य सरकार एवं प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि गौ संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पूर्णिया में शीघ्र गौशाला निर्माण हेतु ठोस एवं प्रभावी निर्णय लिया जाए।
बालाजी सेवा संघ के पूर्णिया जिला अध्यक्ष श्री नीतीश बरनवाल ने भी विधायक विजय कुमार खेमका के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल गौ सेवा एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post