वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अमेरिकी सेना ने गिरफ्तार किया है। अमेरिकी सेना की एक टुकड़ी ने शनिवार को उनके घर पर अटैक करते हुए दोनों को पकड़ा है।
इस घटनाक्रम के बारे में अब सामने आया है कि अमेरिकी सेना मादुरो और उनकी पत्नी के बेडरूम तक पहुंच गई थी। ये पूरा ऑपरेशन रात के समय किया गया। अमेरिकी कमांडो धावा बोलते हुए दोनों को घसीटते हुए बाहर लाए और हेलीकॉप्टर में लेकर चले गए। इस दौरान राजधानी में कई जगहों पर अमेरिका ने बमबारी की।
यह बताया गया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को रेड के दौरान अमेरिकी सेना ने उनके बेडरूम से घसीटकर निकाला, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। दोनों को रात में उस समय पकड़ा गया, जब वे सो रहे थे। ट्रंप प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी सेना की डेल्टा फोर्स ने इसे अंजाम दिया, जिसमें कोई अमेरिकी सैनिक हताहत नहीं हुआ।।इस ऑपरेशन को अमेरिकी सेना की डेल्टा फोर्स और एफबीआई एजेंटों ने मिलकर किया। यह ऑपरेशन 30 मिनट से भी कम समय में पूरा हो गया।
वेनेजुएला की सत्तारूढ़ पार्टी के एक नेता नहम फर्नांडीज ने बताया कि मादुरो और उनकी पत्नी को सैन्य परिसर के अंदर उनके आवास से पकड़ा गया था। यह वही जगह है, जहां वे रहते थे और यह एक बहुत सुरक्षित इलाका है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मादुरो को एक किले से निकाला गया है। ट्रंप ने यह भी बताया कि मादुरो और उनकी पत्नी एक अमेरिकी युद्धपोत पर हैं। वे सोमवार को न्यूयॉर्क पहुंचेंगे, जहां उन पर मुकदमा चलेगा। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने कहा कि मादुरो और फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क में आरोप तय किए गए हैं। उन पर ड्रग्स तस्करी से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
मादुरो की गिरफ्तारी वेनेजुएला पर अमेरिका के बढ़ते दबाव का नतीजा है। पिछले कुछ महीनों से अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ नौसैनिक तैनाती और कथित नशीले पदार्थों की तस्करी के रास्तों पर हमले किए हैं। पिछले हफ्ते ही सीआईए ने एक ड्रोन हमले में वेनेजुएला के एक डॉकिंग साइट को निशाना बनाया था, जो कार्टेल से जुड़ा हुआ था।
वेनेजुएला पर हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. जिसमें उन्होंने कहा- सत्ता हस्तांतरण होने तक अमेरिका वेनेजुएला का प्रशासन चलाएगा। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी उपस्थिति पहले से ही स्थापित है, हालांकि इस बात के तत्काल कोई संकेत नहीं थे कि अमेरिका देश चला रहा है. ट्रंप ने कहा, हम लातिन अमेरिकी देश की बागडोर तबतक संभालेंगे जब तक हम एक सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण सत्ता हस्तांतरण नहीं कर लेते।
Post a Comment