मुजफ्फरपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) सुधीर कुमार को 19,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को उनके निजी आवास पर की गई।
सुधीर कुमार पर संविदा कर्मी संतोष कुमार से सेवा विस्तार और फिर से योगदान के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। सुधीर कुमार के पास परियोजना निदेशक (आत्मा) और सहायक निदेशक (शस्य), तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था।
पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि 5 दिसंबर 2025 को 1,81,000 रुपए की पहली किस्त दी थी। यह रकम उसने बैंक से कर्ज लेकर, पत्नी के गहने गिरवी रखकर और अपनी गाड़ी बेचकर जुटाई थी। इतनी बड़ी रकम देने के बाद भी अधिकारी शेष 19,000 रुपए के लिए लगातार दबाव बना रहे थे।
परेशान होकर 11 दिसंबर 2025 को पटना निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। सत्यापन के बाद एक विशेष टीम गठित की गई। योजना के तहत, शनिवार को जब चर्च रोड स्थित निजी आवास पर रिश्वत के बचे हुए रुपए देने पहुंचे। इस दौरान वहां पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी अधिकारी को घूस की राशि के साथ गिरफ्तार किया गया है। उनके आवास की भी तलाशी ली जा रही है। ताकि अन्य आय से अधिक संपत्ति के दस्तावेजों का पता लगाया जा सके। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को लेकर पटना रवाना हो गई है। जहां उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।
Post a Comment