Top News

कौओं की रहस्यमय मौत से कुरसेला के ग्रामीणों में भय का माहौल

कुरसेला प्रखंड के उत्तरी मुरादपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड 2 के बांसबाड़ी क्षेत्र में दर्जनों कौओं की रहस्यमय मौत से इलाके में दहशत का माहौल है। मक्का के खेतों एवं आसपास के क्षेत्रों में मृत कौए मिलने से ग्रामीण भयभीत हैं। प्रारंभिक तौर पर वायरल संक्रमण की आशंका जताई जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार  कौए अचानक गिरकर तड़पते हुए दम तोड़ रहे हैं। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में डर और चिंता बढ़ गई है। खेतों के साथ-साथ आबादी वाले इलाकों में भी मृत कौए मिलने से लोग बच्चों को बाहर निकलने से रोक रहे हैं और पशु-पक्षियों से दूरी बना रहे हैं।
अचानक गिरकर दम तोड़ रहे कौए:-
ग्रामीण दिलीप कुमार, राजेश कुमार, बद्री और अर्जुन कुमार सहित कई लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी इस तरह कौओं की अचानक मौत नहीं देखी थी। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह तक स्वस्थ दिखने वाले कौए कुछ ही घंटों में जमीन पर गिर जाते हैं और तड़पकर दम तोड़ देते हैं, जो बेहद भयावह है। वहीं गांवों में बढ़ी सतर्कता और डर
कौओं की मौत की खबर फैलते ही गांव में सतर्कता बढ़ा दी गई है। कई परिवारों में यह चिंता गहराने लगी है लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच और एहतियाती कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या पक्षियों से आगे बढ़कर अन्य जानवरों और इंसानों के लिए भी खतरा बन सकती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई जाए और खुले में पड़े मृत कौओं को सुरक्षित तरीके से हटाया जाए, ताकि किसी संभावित संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
पशु चिकित्सा विभाग की प्रतिक्रिया
भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि कौओं की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर वायरल संक्रमण की आशंका है, 
फिलहाल सभी कौवे को जमा कर उसे दफनाया जाएगा और जंगलों में रसायन का छिड़काव किया जाएगा लेकिन नमूने की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Post a Comment

Previous Post Next Post