गया से आशीष कुमार कि रिपोर्ट
गया। गया नगर निगम के द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण महाअभियान आज दूसरा दिन भी जारी रहा। स्वच्छता के दृष्टिकोण से बिहार में प्रथम स्थान रहे गया शहर को देश स्तर पर एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाने के उद्देश्य से जारी इस महाअभियान में मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, अधिकारीगण और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शहर में घूम घूम कर लोगों के बीच जागरूकता फैलाई।
अंतरराष्ट्रीय पहचान वाली इस गया शहर को "गयाजी" बनाने की इस मुहिम में आज सुप्रसिद्ध गायिका देवी भी अपनी भागीदारी निभाई। गया के गलियों में घूम-घूम कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। साथ ही गलियों में सफाई कर रही सफाई कर्मचारियों को माला पहनाकर सम्मानित भी की। देवी के द्वारा स्टेज शो कर लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक किया गया। सुप्रसिद्ध लोक गायिका देवी ने कहा कि स्वच्छता के लिए आम नागरिक को भी साथ देना होगा। अपनी छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर हम इस मुहिम को आगे बढ़ा सकते हैं।
वही इस मौके पर गया के मेयर गणेश पासवान ने बताया कि पूर्व में स्वच्छता को लेकर गया शहर को बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त हो चुका है। अब यह अभियान देश स्तर पर उचित स्थान प्राप्त करने की है। जिसके लिए नगर निगम के सफाई कर्मचारी से लेकर तमाम लोग लगे हुए हैं। इस दौरान डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में हम गया शहर का नाम बदलकर 'गयाजी" करने वाले हैं। क्योंकि यह पवित्र शहर पूरे दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। शहर का नाम "गयाजी" करने के लिए यह आवश्यक है कि शहर की साफ सफाई भी यहां आने वाले तीर्थ यात्रियों को प्रभावित कर सके। इसी मुहिम को लेकर आज सुप्रसिद्ध लोक गायिका देवी भी पहुची हैं। आने वाले दिनों में देवी गया शहर में रहकर प्रतिदिन जागरूकता फैलायेंगी।
शहर में कई स्थानों पर चला अभियान
स्वच्छता महाअभियान के दूसरे दिन शहर के महावीर विद्यालय के प्रांगण से किया गया। जो वार्ड संख्या 18 19 एवं 20, 21 में अभियान चलाई गई। उसके बाद आज़ाद पार्क में संकल्प सभा आयोजित की गई। सुप्रसिद्ध गायिका देवी व नृत्य कलाकारों एवं नुक्कड़ नाटकों से लोगों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में मेयर, डिप्टी मेयर के अलावा पार्षद ओम प्रकाश सिंह, धर्मेंद्र कुमार, अशोक कुमार, नोडल पदाधिकारी शैलेंद्र सिन्हा, कनीय अभियंता दिनकर प्रसाद, सतेंद्र कुमार सहित नगर निगम के कई सफाई कर्मी मौजूद थे।