रूपौली/बालमुकुन्द यादव
रूपौली। किसानों की समस्याओं को लेकर सिटी हलचल न्यूज़ में प्रकाशित खबर के बाद कृषि विभाग ने कार्रवाई की है। रूपौली प्रखंड के भिखना पंचायत स्थित पैक्स के उर्वरक प्रतिष्ठान की जांच में यूरिया के 222 बोरे और डीएपी के 14 बोरे का स्टॉक अंतर सामने आया। कुल 236 बोरे खाद का हिसाब नहीं मिलने पर प्रतिष्ठान की अनुज्ञप्ति तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई है।
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, धमदाहा अवधेश कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सिटी हलचल न्यूज़ में खबर प्रकाशित होने के बाद ही मामले की जांच कराई गई। 25 नवंबर को बांकी, पोस्ट बहादुरा स्थित पैक्स के उर्वरक प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर में दर्ज खाद की मात्रा और गोदाम में उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें भारी अंतर पाया गया।जिला कृषि पदाधिकारी, पूर्णिया के निर्देश पर प्रतिष्ठान की अनुज्ञप्ति निलंबित कर संचालक से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने इसे उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों का उल्लंघन माना है।
किसानों को उचित दर पर खाद उपलब्ध कराने का निर्देश
कृषि विभाग ने संबंधित पंचायत के कृषि समन्वयक को प्रतिष्ठान पर उपस्थित रहकर किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर खाद बिक्री सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में उर्वरक की कमी नहीं है। खाद की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली और अनियमित भंडारण पर विभाग की नजर है।खाद के 236 बोरे का हिसाब नहीं मिलने से अब सवाल उठने लगा है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में खाद कहां गई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? किसानों ने उम्मीद जताई है कि जांच केवल स्पष्टीकरण मांगने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होगी।स्थानीय स्तर पर खाद दुकानों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश पहले भी जारी होने की चर्चा है। ऐसे में किसानों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि पूर्व में जारी जांच और कार्रवाई के आदेशों का कितना पालन हुआ तथा अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी।

Post a Comment