मुरलीगंज। कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने शुक्रवार को मुरलीगंज थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, नशा कारोबार पर अंकुश, लंबित कांडों के निष्पादन और आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
थाना पहुंचने पर डीआईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया। थाना में संधारित विभिन्न पंजियों का अवलोकन करते हुए उन्हें अद्यतन रखने और पुलिस कार्यों में पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया।
डीआईजी ने सुखा नशा, शराब सहित अन्य मादक पदार्थों के कारोबार और सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, आरोपितों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को गंभीरता से काम करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसपी संदीप सिंह, एसडीपीओ अजय कुमार एवं थानाध्यक्ष अकमल हुसैन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment