मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत हरिपुरकला पंचायत के पकिलपार गांव में गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक पशु क्रीड़ा ‘हुईरहा’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सैकड़ों पशुपालकों ने अपने-अपने मवेशियों के साथ हिस्सा लिया। वहीं, इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
कार्यक्रम का उद्घाटन हरिपुरकला पंचायत के मुखिया डॉ. आलोक कुमार, आरआर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्कूल मधेपुरा के निदेशक राजेश कुमार राजू, सरपंच पंकज यादव, श्रृंगी ऋषि सेवा फाउंडेशन के रक्त प्रबंधक सागर यादव, पैक्स अध्यक्ष आलोक कुमार, पंचायत समिति सदस्य सुभाष यादव एवं वार्ड सदस्य प्रतिनिधि पवन यादव सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को फूलमाला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले के बाद ब्रह्मदेव यादव की भैंस ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, दिलीप यादव की भैंस दूसरे और नवलेश कुमार की भैंस तीसरे स्थान पर रही। मौके पर पहुंचे राजद प्रदेश महासचिव एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज यादव, निर्दलीय विधायक प्रत्याशी रहे संजय यादव, डेव जूनियर स्कूल के निदेशक रोहन मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने विजेता पशुपालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘हुईरहा’ पूर्वजों के समय से चली आ रही पारंपरिक पशु क्रीड़ा है। इसका आयोजन गोवर्धन पूजा के अवसर पर अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के उद्देश्य से किया जाता है। स्थानीय मान्यताओं और लोककथाओं में इस परंपरा को भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी मान्यताओं के साथ भी जोड़कर देखा जाता है।
राजद नेता डॉ. मनोज यादव ने कहा कि धीरे-धीरे विलुप्त हो रही पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के लिए गांव में आज भी हुईरहा का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पूर्वजों की परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है। आयोजन के दौरान पशुपालकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
Post a Comment