किशनगंज से सटे पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के रामपुर में पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। संयुक्त छापेमारी में 17,390 बोतल यानी 1,739 लीटर कफ सिरप बरामद किया गया। इसकी कीमत 33 लाख 21 हजार 490 रुपये आंकी गई है। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सोमवार को इस्लामपुर पुलिस जिले की एंटी क्राइम ब्रांच, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और चाकुलिया थाना पुलिस ने रामपुर स्थित दुकान और गोदाम में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, दवा व्यवसायी चंदन पोद्दार पर इस कारोबार को संचालित करने का आरोप है। वह किशनगंज के माछमारा का निवासी बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में किशनगंज के मो. मुन्ना (23), सोहराब अली (27), अर्जुन पासवान (20), रोशन कुमार (19), अजय कुमार पोद्दार (30) और पश्चिम बंगाल के उत्तर रामपुर निवासी तपन दास (48) शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में कफ सिरप की सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस खेप के स्रोत और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
Post a Comment