सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत किशनगंज जिले के 1 लाख 58 हजार 710 लाभुकों के बैंक खातों में अक्टूबर माह की पेंशन राशि हस्तांतरित कर दी गई। सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए लाभुकों के खातों में राशि भेजी। जिले के लाभुकों के खाते में कुल 17 करोड़ 45 लाख 81 हजार रुपये अंतरित किए गए।
राज्यभर में इस योजना के तहत 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 लाभुकों को 1100 रुपये प्रति लाभुक की दर से 12 हजार 59 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई। इसमें वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांगजन शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया गया। किशनगंज समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पदाधिकारी, कर्मी एवं पेंशन लाभुक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने बताया कि अब प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। डीएम नवीन कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने की महत्वपूर्ण योजना है।
इस दौरान जिला प्रशासन ने लाभुकों से जल्द जीवन प्रमाणीकरण एवं आधार सीडिंग कराने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि इन प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने से पेंशन भुगतान में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी। पेंशन राशि खाते में पहुंचने पर लाभुकों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
Post a Comment