Top News

1 दिसंबर से गांव-गांव पहुंचेंगे भाजपा के सेवा दूत, सरकारी योजनाओं का लेंगे फीडबैक


बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल की पहल पर शुक्रवार को पूर्णिया में भाजपा के सेवा दूत एवं विधानसभा समन्वयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बिहार के 10 जिलों से आए भाजपा के महत्वपूर्ण कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कार्यकर्ता 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक विभिन्न गांवों में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे गांवों में आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे और जानेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। इसके साथ ही योजनाओं के लाभ से वंचित लोगों की समस्याओं और शिकायतों की जानकारी भी जुटाएंगे।

उन्होंने कहा कि सेवा दूत गांव-गांव जाकर लोगों को बिहार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लोगों को उनका लाभ लेने के लिए जागरूक करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ही उनके क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं को समझना और जनता की प्रतिक्रिया सरकार तक पहुंचाना है।

कार्यकर्ताओं के गांवों में प्रवास से सरकार और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश की जाएगी। इससे एक ओर जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर योजनाओं की स्थिति और जनता की अपेक्षाओं का भी पता चल सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post