आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को बहादुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने की। इसमें जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत पदाधिकारियों, मोहर्रम कमेटी के सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सभी लोग आपसी भाईचारा बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने जुलूस मार्ग की कुछ सड़कों के समतलीकरण की मांग उठाई। इस पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वसीकुर रहमान ने आश्वासन दिया कि मोहर्रम से पूर्व आवश्यक स्थानों पर सड़क समतलीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। नगर प्रबंधक शशि कुमार ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन की ओर से पर्व के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जदयू जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पार्षद विजय झा ने कहा कि बहादुरगंज की गंगा-जमुनी तहजीब पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल है। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मोहर्रम मनाने की अपील की। मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पर्व पूरी शांति और अनुशासन के साथ मनाया जाएगा।
बैठक में एएसआई राम बाबू चौधरी, एएसआई संजय कुमार, मोहर्रम कमेटी अध्यक्ष अतहर आलम, उपाध्यक्ष मेहंदी हसन, सचिव गुलाम सरवर अंसारी, कोषाध्यक्ष दानिश अंसारी, वार्ड पार्षद संजय भारती, तौसीफ आलम, पप्पू आलम, नीतीश कुमार बसाक, शीतुल कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Post a Comment