कुरसेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरसेला में सोमवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल की अध्यक्षता में सीएचओ एवं एएनएम के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक बेहतर एवं सुगम तरीके से पहुंचाना बताया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी एएनएम एवं सीएचओ को निर्देश दिया कि भाव्या एप पोर्टल के माध्यम से स्कैन एंड शेयर फीचर का उपयोग करते हुए लाभार्थियों को ओपीडी सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही भाव्या पोर्टल पर सभी प्रकार की रिपोर्ट का प्रतिदिन संधारण करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने एवं ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने का निर्देश दिया। बैठक में बच्चों के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई तथा टीकाकरण के दौरान पूरी सावधानी बरतने और एक भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में स्वास्थ्य प्रबंधक मुकेश कुमार सिंह, एनएम सुनील शाह, सीएचओ चंदन कुमार, निलंजन कुमार सहित सभी एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
Post a Comment