जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। सात जन्मों तक साथ निभाने की कसम खाने वाला पति ही अपनी पत्नी का कातिल बन बैठा।
मामला भातगांव पंचायत के वार्ड संख्या 16 स्थित नेगड़ाडूबा गांव का है, जहां सोमवार देर रात करीब 2 बजे पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि मोहम्मद आलम ने अपनी पत्नी जोहरा खातून पर तेज धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल जोहरा खातून की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि आरोपी पति वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया है।
परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कई महीनों से लगातार विवाद चल रहा था। आलम की बहन लवली और मां जूमातन ने बताया कि दोनों के रिश्ते में दरार आ गई थी और आए दिन झगड़े होते रहते थे।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद आलम की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज से गुलशनभीट्टा गांव निवासी मोहम्मद खलील की पुत्री जोहरा खातून से हुई थी। शादी के बाद लंबे समय तक परिवार खुशहाल रहा, लेकिन हाल के दिनों में रिश्तों में कड़वाहट बढ़ती चली गई, जो अंततः इस दर्दनाक अंजाम तक पहुंच गई।
मृतका अपने पीछे एक पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही गलगलिया थाना अध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।
वहीं, मृतका के पिता और भाई ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, और पूरे मामले की बारीकी से जांच जारी है।
Post a Comment