Top News

धमदाहा एसडीएम का औचक निरीक्षण, पंचायत सरकार भवनों की कार्यप्रणाली एसडीएम ने परख

धमदाहा अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) द्वारा पंचायत सरकार भवन मुगलिया पूर्णदाहा पूर्व एवं पंचायत सरकार भवन पश्चिम का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसडीएम ने पंचायत सरकार भवनों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, अभिलेखों के रख-रखाव तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में एसडीएम ने पंचायत कार्यालयों में चल रही जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण प्रक्रिया का भी बारीकी से अवलोकन किया। मौके पर मौजूद पदाधिकारियों एवं कर्मियों से लंबित शिकायतों की जानकारी ली गई और शिकायतों के निष्पादन की प्रगति की जांच की गई। एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़ी शिकायतों का निष्पक्ष, समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन आम जनता और प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं, ऐसे में यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक व्यवहार एवं त्वरित समाधान मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाई गई, जिस पर एसडीएम ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि सभी रजिस्टर अद्यतन रखें जाएं और योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
एसडीएम के इस औचक निरीक्षण से पंचायत कर्मियों में हड़कंप देखा गया, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की इस सक्रिय पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह के निरीक्षण से सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और पंचायत स्तर पर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post