Top News

इंटर परीक्षा से पहले प्रशासन अलर्ट: एसडीएम अनूप कुमार ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

आगामी 2 फरवरी से शुरू होने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में धमदाहा अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अनूप कुमार ने बुधवार को अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर तैयारियों का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने परीक्षा केंद्रों पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी माहौल में संपन्न कराई जाए।
एसडीएम अनूप कुमार ने कहा कि इंटर परीक्षा छात्रों के भविष्य से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परीक्षा है, ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी केंद्रों पर समुचित संसाधन और सख्त निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में संबंधित परीक्षा केंद्र कर्मियों और पदाधिकारियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने, पहचान पत्र अनिवार्य रूप से पहनने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की इस सक्रियता से परीक्षार्थियों और अभिभावकों में विश्वास का माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि परीक्षा पूरी तरह सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post