धमदाहा सिटी हलचल न्यूज
पूर्णियाँ : बीते रविवार को पूर्णिया के धमदाहा थानाक्षेत्र के ढोकवा मुनि टोल में पिकअप वाहन से नशे में धुत एक सनकी युवक के द्वारा दर्जनों लोगों को रौंद दिया गया था। इस घटना में 03 बच्चे सहित 05 की मौत हुई थी। वहीं 09 लोग घायल हो गए थे। घायलों में एक को छोड़कर बाकी सभी अपने घर लौट चुके हैं। एक का इलाज अभी भी भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। तीन दिन पूर्व ही सांसद पप्पू यादव भी ढांढस बंधाने ढोकवा गांव पहुंचे थे
शुक्रवार को दोपहर में करीब 12:45 बजे धमदाहा की विधायिका सह खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह भी मृतकों के परिजनों से मिलने ढोकवा गांव पहुंची। मौके पर उन्होंने एक-एक कर सभी मृतक और घायलों के परिवारों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। इस बीच उन्होंने मृतक के परिवार को नगद 20- 20 हजार रुपए व घायलों को नगद 5 -5 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग भी की। मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना दिल को अत्यंत पीड़ा देने वाली है। इस विपदा के घड़ी में मैं सभी मृतक और घायलों के परिवार के साथ में खड़ी हूं। मृतक के परिवार को सरकार के तरफ से मिलने वाली राशि को भी दिलवाई जाएगी। आगे उन्होंने कहा कि सभी घायलों के इलाज में भी मेरी पूरी सहयोग रहेगी
वहीं उन्होंने मृतक के परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि आरोपी को इस घटना के लिए कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। प्रशासन अपना काम कर रहा है। आरोपी बहुत जल्द पुलिस के शिकंजे में होंगे। बताते चलें कि पवन मुनि और सोनू मुनि के बीच हल्की विवाद हो गई थी। इसी विवाद ने बड़ा स्वरूप लेते हुए 05 लोगों को मौत के आगोश में समा लिए थे। आरोपी आज 6 दिन बाद भी पुलिस के पकड़ में नहीं आया है। पुलिस गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक में ज्योतिष ठाकुर, संयुक्ता देवी, अमरदीप कुमार, मनीषा कुमारी, अखिलेश कुमार शामिल है। वहीं एक गंभीर रूप से घायल शालू कुमारी का इलाज अभी मायागंज में चल रहा है।