पटना/रंजीत डे
पटना के रविन्द्र भवन में आज एक सितंबर से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में भाग ले रहे राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने उपस्थित लोगों को संगठन के महत्व पर मार्गदर्शन किया और सदस्यता अभियान की जरूरत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए सदस्यता अभियान हर व्यक्ति तक पहुंचने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि यह सदस्यता अभियान इस मामले में भी काफी महत्वपूर्ण है कि अगले साल यहां विधानसभा चुनाव होना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हम प्रत्येक बूथ पर जाकर सदस्य बनाने का काम करें। एक बूथ पर कम से कम 200 सदस्य हम बना सके तो सदस्यता भी होगा, बूथ भी सक्रिय होगा, हर घर मे हमारा संपर्क भी होगा और हर मतदाता हमारा सदस्य भी होगा। उन्होंने कहा कि इस सदस्यता अभियान के जरिये पार्टी का संपर्क बढ़ाना है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के भूमि सुधार और राजस्व मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि अगर पदाधिकारी या कार्यसमिति का सदस्य भी बनना है तो एक सक्रिय सदस्य को कम से कम 100 प्राथमिक सदस्य बनाने हैं। लेकिन , उन्होंने यह भी कहा कि इससे अधिक हो तो बेहतर है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार के प्रत्येक सदस्य के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और यह आदर्श हम सभी के जीवन का आधार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत बिहार में एक करोड़ लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन हम कर्मठ कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि इस लक्ष्य से आगे निकले। वैसे, यह मुश्किल कार्य भी नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिक से अधिक सदस्य बनाने के लिए जनता के बीच जाना होगा। लोकसभा चुनाव में जिन बूथों पर पार्टी कमजोर नजर आई उन बूथों पर अन्य बूथों की अपेक्षा ज्यादा ध्यान देना है। यहां संख्या अधिक होनी ही चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्यादा सदस्य बनेंगे तो संगठन का भी विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि हमें समाज के हर वर्ग को साथ जोड़ना है।
भाजपा अध्यक्ष डॉ जायसवाल ने कहा कि जिला स्तर पर चार - चार सदस्यों की टोली बना दी गई है। यही टोली सदस्यता अभियान में लोगों को सदस्य बनने में मदद करेगी। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और सदस्य बनाएंगे। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी से जुड़ने को हर कोई तत्पर है, इस बार भी सदस्यता अभियान के जरिए भाजपा विश्व की सबसे पार्टी के रूप में उभर के सामने आएगी।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लोगों के घर-घर तक पहुंच रही है। यह सब कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और संघर्ष के कारण हो पा रहा है।
उन्होंने इस अभियान में पूरे दिलो जान से जुट जाने की अपील करते हुए कहा कि आज विपक्ष किसी भी मुद्दे को लेकर भ्रमजाल फैलाने की कोशिश कर रहा है। इस कारण इस अभियान के जरिये विपक्ष के भ्रमजाल को भी तोडना है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बिहार में भाजपा इस बार एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाएगी।
बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस सदस्यता अभियान के जरिये हमें प्रदेश के सभी घरों तक पहुंचना है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं को भी घर -घर तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान सर्वसमावेशी भी होगा, जिसमें समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र के लोगों को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा। युवाओं, महिलाओं, अनुसूचित जाति, जनजाति, डाक्टर, कलाकार, खिलाड़ी आदि सभी वर्गों के लोगों तक पार्टी कार्यकर्ता पहुंचेंगे और उन्हें पार्टी से जोड़ेंगे।
बिहार में सदस्यता अभियान के लिए एक समिति बनाई गई है जिसके संयोजक पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा को बनाया गया है जबकि इस समिति में प्रमोद चंद्रवंशी, लाजवंती झा, रत्नेश कुशवाहा और ओम प्रकाश भुवन को भी शामिल किया गया है।
कार्यशाला को सांसद अतुल गर्ग, संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, केंद्रीय मंत्री नित्यानन्द राय, साँसद सतीश चंद्र दूबे और बिहार के मंत्री मंगल पांडेय ने भी संबोधित किया।
इस कार्यशाला में सभी सांसद, विधायक, मंत्री, सभी जिला के अध्यक्ष , महामंत्री सहित प्रदेश के पदाधिकारी , सभी जिला में बनाये गए चार सदस्यीय टीम के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।
0 Comments