पूर्णियाँ/सरोज कुमार
जलालगढ़ थाना क्षेत्र के भरेली गांव वार्ड 14 में शराब के नशे में धुत पति ने पहले पत्नी की पिटाई की जब इतने से भी मन नहीं भरा तो गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। वहीं वारदात के बाद शराबी पति और ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। घटना के फौरन बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया है और पोस्टमार्टम में जुट गई है। मृतका का मायके अररिया जिले के बाओसी बसैठी थाना क्षेत्र के बेलवा गांव है। वहीं मृतका की पहचान जलालगढ़ के भरेली गांव वार्ड 14 निवासी देवन ऋषि उर्फ बौनी ऋषि की पत्नी मखिया देवी (32) के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में मृतका की बहन बिंदी देवी ने बताया कि 4 साल पहले मृतका ने प्रेम प्रसंग में देवन ऋषि से शादी की थी। शादी के कुछ महीनों तक तो सबकुछ ठीक रहा।
मगर इसके बाद वो दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। वो शराब पीकर आता और बिंदी देवी से मारपीट करता। उन्होंने कई बार शराबी पति की छोटी -बड़ी जरूरतें पूरी की।
मगर मारपीट का सिलसिला कभी बंद नहीं हुआ। गुरुवार देर रात शराबी पति नशे में धुत होकर घर लौटा और पत्नी के साथ हुई बहस के बाद गाली-गलौज करते हुए पीटने लगा। पति का मन इतने से भी नही भरा। पति ने बड़ी ही बेरहमी से कला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी।