धमदाहा/सिटीहलचल न्यूज
पूर्णियाँ : नगर पंचायत धमदाहा के चुनाव को दो वर्ष होने को चला है। बावजूद अभी तक सड़क, नली, गली आदि कार्य ठप पड़ा हुआ है। इसको लेकर पूछने पर नगर पंचायत अध्यक्ष रानी देवी ने बताया कि नगर पंचायत धमदाहा को अभी तक स्थायी कनीय अभियंता नहीं मिल पाई है। जिस कारण से यहां के विकास कार्य की रफ्तार नहीं बढ़ पाई है। विकास कार्य धीमी गति से हो रही है। प्रभार में जो कनीय अभियंता है, वह भी धमदाहा को समय नहीं दे पा रहे हैं
वहीं उन्होंने आगे बताया कि अभी जो प्रभारी कनीय अभियंता है। उनपर लगभग दर्जनों नगर निकायों का भार है। भार ज्यादा होने के कारण वह काम नहीं कर पा रहे हैं। आगे बताया कि स्थायी कनीय अभियंता को लेकर उनके द्वारा निकाय के संबंधित मंत्री को चिट्ठी लिखा गया है। अगले महीने में स्थायी कनीय अभियंता मिलने की पूरी संभावना है। गौरतलब है कि नगर पंचायत धमदाहा का डेढ़ वर्ष का कार्यकाल प्रभारी कार्यपालक के कंधों पर ही रहा है। अभी करीब चार माह पूर्व ही नगर को एक स्थायी कार्यपालक पदाधिकारी मिला है। स्थायी कार्यपालक पदाधिकारी मिलने के बावजूद भी विकास कार्य रफ्तार नहीं पकड़ पाई है। नगर पंचायत में कुल 23 वार्ड व करीब 29 हजार मतदाता है। वहीं कुल आबादी तकरीबन 55 हजार के करीब है
नगर में जिस तरह से कार्य होने की यहां के लोगों ने उम्मीद जताई थी। उस तरह से अभी तक उनको विकास कार्य नहीं दिख पाया है। हालांकि यहां के लोगों को अभी भी विश्वास है कि आगामी तीन वर्षों में नगर में अच्छा कार्य होगा। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा ने बताया कि आगामी दो माह के अंदर नगर में अच्छा कार्य दिखेगा। वहीं आगे बताया कि विकास कार्य की रूप रेखा तैयार की जा रही है। स्थायी कनीय अभियंता के मिलने के बाद सड़क, नली, गली कार्य में भी तेजी आएगी।