बैसा/सिटिहलचल न्यूज़
पूर्णियाँ: बैसा प्रखंड क्षेत्र में भूमि विवाद के मामले के समाधान को लेकर रौटा थाना परिसर में शनिवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। रौटा थाना में आयोजित होने वाले इस जनता दरबार में थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, पीएसआई राजा बाबू, आरओ आकाशदीप सिन्हा, व सीआई लालबाबू रजक मुख्य रूप से मौजूद रहे।
वहीं अनगढ़ थाना में थाना अध्यक्ष सोफिया प्रवीण एवं अंचलाधिकारी राज नारायण राजा के नेतृत्व में जनता दरबार का आयोजन किया गया। रौटा थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि पांच मामलों की सुनवाई करते हुए तीन मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं अनगढ़ थाना अध्यक्ष सोफिया प्रवीण ने बताया कि अनगढ़ थाना में तीन मामलों का निष्पादन हुआ। इस दौरान अंचलाधिकारी राज नारायण राजा ने बताया कि जनता दरबार में थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के लोग जमीन संबंधित विवाद को लेकर पहुंचे थे। सभी फरियादियों को इसी प्रकार जनता दरबार में आकर अपनी समस्याओं का समाधान मिल बैठकर सुलझाना चाहिए।
इससे समाज में आपसी सौहार्द बना रहता है। उन्होंने कहा कि साधारण भूमि विवादों को निबटारा आसानी से संभव है। इसके लिए दोनों पक्षों को थोड़ी उदारता व ईमानदारी दिखाने की जरूरत है। प्रशासन की कोशिश है कि छोटे मोटे भूमि विवादों का निबटारा कर दिया जाए ताकि यह लड़ाई झगड़े की भविष्य में वजह नहीं बन सके। ऐसे विवादों के निबटारे के लिए लोगों को थाने में आयोजित जनता दरबार का लाभ उठाना चाहिए।